चीनी जेलों में भी बड़ी संख्या में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले

चीन की जेलों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 500 से ज्यादा मामले सामने आने के बाद कई अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। हुबेई प्रांत ने शुक्रवार को कहा कि गुरुवार को उसकी जेलों में कोरोना वायरस के 271 मामलों का पता चला। न्याय मंत्रालय में जेल प्रशासन निदेशक ही पिंग ने संवाददाताओं को बताया कि अधिकतर मामले हुबेई की राजधानी वुहान की महिला जेल में सामने आए हैं।



कम्युनिस्ट पार्टी के स्थानीय अखबार हुबेई डेली के अनुसार वुहान महिला जेल वार्डन को वायरस के प्रकोप को रोकने में विफल रहने के कारण हटा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी शेडोंग प्रांत की रेनचेंग जेल में सात गार्ड और 200 कैदियों के वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी है। इस संबंध में शेडोंग के न्याय विभाग के प्रमुख शी वेइजुन और सात अन्य अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया। एक अन्य जेल से 34 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर है। एक अधिकारी ने हालांकि कहा कि कोरोना वायरस के कारण जेलों में किसी की मौत होने की कोई खबर नहीं है।


दक्षिण कोरिया ने 52 नए मामलों की पुष्टि की


वहीं, दक्षिण कोरिया ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के 52 और मामलों की पुष्टि की है। देश में अब इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 156 पहुंच गई है। चीन के बाद इस वायरस से संक्रमित सबसे ज्यादा लोगों की संख्या दक्षिण कोरिया में हो गई है। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम के कोरियाई केंद्र ने बताया कि हालांकि 39 नए मामले शिन्चेओनजी चर्च ऑफ जीसस की देगु शाखा से जुड़े हैं। इसके साथ ही चर्च के अब तक 80 से ज्यादा सदस्य इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। यह मामले एक महिला से जुड़े हैं। 


10 फरवरी को महिला को बुखार आया था लेकिन उसने कोरोना वायरस की जांच कराने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि उसने हाल में विदेश की यात्रा नहीं की है। महिला में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने से पहले उसने कम से कम चार बार चर्च की प्रार्थना में हिस्सा लिया था। देगु के मेयर ने लोगों को घरों में ही रहने का परामर्श जारी किया है।